PTV BHARAT 10 NOVEMBER 2026- रायपुर : हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत का समाधान, सोनहत के राजेश कुमार कुशवाहा के घर पहुँची मुख्यमंत्री की ‘विष्णु की पाती’
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत का समाधान होने के बाद बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के सुदूर ग्राम सोनहत निवासी राजेश कुमार कुशवाहा के घर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ‘विष्णु की पाती’ पहुँची। लर्निंग लाइसेंस से जुड़ी समस्या का निराकरण होने पर मुख्यमंत्री ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से उन्हें शुभकामना पत्र भेजा और लाइसेंस मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
राजेश कुमार कुशवाहा ने लर्निंग लाइसेंस बनवाने में आ रही परेशानी के संबंध में हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क किया था। शिकायत पर कार्रवाई के बाद उन्हें लाइसेंस मिल गया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भेजे गए पत्र में मुख्यमंत्री ने राजेश और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना शासन की प्राथमिकता है।
नागरिकों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत इस उद्देश्य से की गई है कि नागरिक अपनी बात सहजता से शासन तक पहुँचा सकें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने भरोसा जताया कि शासन से संपर्क करने वाले प्रत्येक नागरिक की बात ध्यानपूर्वक सुनी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव यह समझने में भी मदद करते हैं कि शासकीय सेवाएँ लोगों के लिए कितनी उपयोगी हैं और उन्हें अधिक सरल एवं सुलभ बनाने के लिए कहाँ सुधार की जरूरत है।
लर्निंग लाइसेंस मिलने पर दी सुरक्षित वाहन संचालन की सलाह
मुख्यमंत्री ने राजेश कुमार कुशवाहा को वाहन चलाना सीखते समय सुरक्षित अभ्यास करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत का समाधान होने के बाद मुख्यमंत्री का शुभकामना पत्र मिलने से राजेश के लिए यह अनुभव यादगार बन गया।

