कोरबा विधानसभा में पौने चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन

PTV BHARAT 11 NOVEMBER 2026- कोरबा विधानसभा में पौने चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन

कोरबा शहर के मोतीसागरपारा क्षेत्र में लगभग पौने चार करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में इन कार्यों की आधारशिला रखी गई।

इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क, सामुदायिक भवन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सड़क और सामुदायिक भवन निर्माण

भूमिपूजन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 के धनुहार मोहल्ले में जयसिंह सनवाल के घर से तारा चंद्र श्रीवास के घर तक 7 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 8 के सीतामणी मोतीसागरपारा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इसी वार्ड में पूर्व पार्षद बंशीलाल महिलांगे के घर के सामने से कुष्ठ आश्रम एवं प्राथमिक शाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर 8 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा।

सीबीडी प्लांट एरिया, बरबसपुर में 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, रिटेनिंग वॉल, बॉक्स कलवर्ट, पीचिंग, बोरवेल, पीएंडएफ तथा हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट से संबंधित कार्य किए जाएंगे।

पेयजल व्यवस्था का होगा विस्तार

पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए वार्ड क्रमांक 10 के वैष्णो दरबार रेलवे लाइन बस्ती में 20 लाख 98 हजार रुपये की लागत से डीआई मुख्य पाइपलाइन को 150 मिमी व्यास की वितरण पाइपलाइन से जोड़ने और उसका विस्तार करने का कार्य किया जाएगा।

वहीं, वार्ड क्रमांक 14 में ओचटी के पीछे से अमरावपारा एवं रेलवे कॉलोनी तक 38 लाख 23 हजार रुपये की लागत से 450 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन से वितरण पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में कम दबाव की पेयजल समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता : मंत्री देवांगन

इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृत कर धरातल पर उतारा जा रहा है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र तक पहुंचे।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद रूबी देवी सागर सहित अन्य पार्षदगण और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *