महासमुंद : पीएम-जनमन अभियान से कमार जनजाति के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव

PTV BHARAT 12 NOVEMBER 2026- महासमुंद : पीएम-जनमन अभियान से कमार जनजाति के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव

कभी जंगलों और दुर्गम रास्तों के बीच बसे छोटे-छोटे डेरों में अभावों के बीच जीवन बिताने वाला कमार जनजाति का समुदाय आज विकास की मुख्यधारा से जुड़कर नई राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन बस्तियों तक पहुंचना कभी मुश्किल था, वहां अब पक्की सड़कें पहुंच रही हैं। जिन घरों में अंधेरा और असुरक्षा थी, वहां बिजली की रोशनी और पक्के मकानों ने जगह ले ली है। स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से इन परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव दिखाई देने लगा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) महासमुंद जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के लिए उम्मीद, सम्मान और आत्मनिर्भरता का नया माध्यम बन रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में शासन द्वारा इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि कमार समुदाय के प्रत्येक परिवार तक बुनियादी सुविधाएं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। केंद्र और राज्य शासन के समन्वित प्रयासों से कमार बस्तियों और वर्षों से सुविधाओं से वंचित परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

महासमुंद जिले में 923 कमार परिवार निवासरत

आदिम जाति अनुसंधान केंद्र के आधारभूत सर्वेक्षण 2015-16 के आधार पर महासमुंद जिले में कमार जनजाति का सर्वेक्षण किया गया था। इसके अनुसार वर्तमान में जिले में कुल 923 कमार परिवार निवासरत हैं, जिनकी कुल जनसंख्या 3,309 है। इनमें 1,614 पुरुष और 1,695 महिलाएं हैं। सर्वेक्षण के अनुसार महासमुंद विकासखंड के 41 गांवों, बागबाहरा विकासखंड के 33 गांवों और पिथौरा विकासखंड के 2 गांवों सहित कुल 76 गांवों में कमार परिवार निवास करते हैं।

सड़क, आवास और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार

जिला प्रशासन द्वारा इस योजना को गंभीरता से लागू करते हुए कमार जनजाति के प्रत्येक परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया गया है। इसके तहत जिले की 26 सड़क विहीन बसाहटों में पक्की सड़कों का निर्माण किया गया है। इससे दूर-दराज के डेरों का संपर्क मुख्य गांवों और शहरों से जुड़ने लगा है।

नल-जल योजना के माध्यम से घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। जिन घरों में कभी अंधेरा रहता था, वहां अब बिजली पहुंच चुकी है। इससे बच्चे रात में भी पढ़ाई कर पा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 678 कच्चे घरों की जगह पक्के मकानों का निर्माण किया गया है, जिससे इन परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिला है।

बहुउद्देशीय केंद्रों की स्थापना से एक ही स्थान पर आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाओं और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों की शुरुआत हुई है। इससे महिलाओं और बच्चों को विशेष लाभ मिला है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं अब सीधे इन बस्तियों तक पहुंच रही हैं, जिससे लोगों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ता।

शासकीय योजनाओं और अधिकारों से जुड़े परिवार

आधारभूत सुविधाओं के साथ लोगों को उनके अधिकारों से भी जोड़ा गया है। विशेष शिविरों के माध्यम से शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते और जाति प्रमाण पत्र बनवाए गए हैं। किसान सम्मान निधि के लिए निर्धारित लक्ष्य भी शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

अब प्रत्येक परिवार को नियमित रूप से राशन मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने लगी है और बैंक खाते खुलने से शासकीय योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है।

आज स्थिति में व्यापक बदलाव आया है। जहां पहले जीवन संघर्ष और अभावों में बीतता था, वहीं अब आत्मविश्वास और आशा की नई रोशनी दिखाई दे रही है। कमार जनजाति का समुदाय धीरे-धीरे विकास की मुख्यधारा से जुड़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *