PTV BHARAT 12 NOVEMBER 2026- रायपुर : छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का हर्षोल्लास के साथ होगा आयोजन
भारत की स्वतंत्रता और अस्मिता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के स्मरण तथा उनके गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर पूरा देश उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन कर रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में केंद्र सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की ऐतिहासिक घोषणा की गई थी।
जनजातीय वर्ग के महान सेनानियों को नमन
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले अमर सेनानियों के योगदान को कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। इनमें शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गैंदसिंह, वीर गुंडाधूर, महली भगत, मांझीराम गोंड, राजनाथ भगत, लाल कालिंदर सिंह, कंगला मांझी, तिलका मांझी, वीर सीताराम कंवर, ठाकुर रामप्रसाद पोटाई और रानी दुर्गावती शामिल हैं।
पीएम-जनमन योजना से आदिवासी समुदायों के जीवन में आ रहा बड़ा बदलाव
आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर 2023 को शुरू किए गए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) का तेजी से विकास हो रहा है। यह स्वतंत्र भारत के इतिहास में पीवीटीजी समुदायों पर केंद्रित अब तक का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी अभियान है, जो 9 मंत्रालयों की 11 प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से संचालित हो रहा है।
छत्तीसगढ़ की बैगा, पहाड़ी कोरवा, कमार, अबूझमाड़िया और बिरहोर जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य के 1,545 गांवों और 2,365 बसाहटों में इस योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत अब तक की प्रगति
- पक्का आवास: 34,691 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 24,218 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इस प्रकार लगभग 69 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
- सड़क निर्माण: 2,901 किलोमीटर सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिनमें से 1,833 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है। यह लगभग 63 प्रतिशत प्रगति है।
- विद्युतीकरण: ऑन-ग्रिड विद्युतीकरण के तहत 7,349 परिवारों को शत-प्रतिशत लाभान्वित किया गया है। ऑफ-ग्रिड विद्युतीकरण के तहत 1,490 गांवों में से 940 गांवों में कार्य पूरा हो चुका है, जो लगभग 63 प्रतिशत है।
- आंगनबाड़ी केंद्र: 191 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं और सभी 191 केंद्र संचालित हैं। इस प्रकार संचालन का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। स्वीकृत 187 भवनों में से 68 का निर्माण पूरा हो चुका है।
- शुद्ध पेयजल: 1,425 गांवों में से 510 गांवों में शत-प्रतिशत कवरेज पूरा हो चुका है।
- स्वास्थ्य सेवाएं: मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन शत-प्रतिशत है और सभी 57 वाहन कार्यरत हैं।
- वनधन विकास केंद्र: 16 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं और इनका कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है।
- बहुउद्देशीय केंद्र: 75 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 51 का निर्माण पूरा हो चुका है। यह लगभग 68 प्रतिशत प्रगति है।
- शिक्षा: 40 छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं, जिन पर कार्य प्रगतिरत है।
- संचार सुविधा: मोबाइल टॉवर के लिए 135 साइट स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 37 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। यह लगभग 27 प्रतिशत कवरेज है।
- कौशल प्रशिक्षण: युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1,719 के प्रशिक्षण का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 849 को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यह लगभग 50 प्रतिशत प्रगति है।
इस अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचलों में निवासरत जनजातीय परिवारों को पक्के मकान, स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क और संचार जैसी बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। इससे उनके जीवन स्तर में व्यापक सुधार हो रहा है।

