रायपुर : अवैध धान भंडारण के विरुद्ध सरगुजा में कार्रवाई, चार प्रतिष्ठानों से 658 क्विंटल धान जब्त

PTV BHARAT 20 NOVEMBER 2026- रायपुर : अवैध धान भंडारण के विरुद्ध सरगुजा में कार्रवाई, चार प्रतिष्ठानों से 658 क्विंटल धान जब्त

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सरगुजा जिले में अवैध धान भंडारण, परिवहन और व्यापार के विरुद्ध लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य विभाग और मंडी के संयुक्त जांच दल ने अंबिकापुर एवं श्रीगढ़ स्थित चार व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों से कुल 658 क्विंटल धान जब्त किया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उपलब्ध धान की जांच की। इस दौरान कृष्णा ट्रेडिंग से 160 क्विंटल, श्रीगढ़ स्थित महामाया ट्रेडिंग से 158 क्विंटल, आदर्श ट्रेडिंग से 140 क्विंटल तथा जे.के. ट्रेडिंग से 200 क्विंटल धान जब्त किया गया। चारों प्रतिष्ठानों से जब्त धान की कुल मात्रा 658 क्विंटल है।

उन्होंने बताया कि धान खरीदी के दौरान अवैध रूप से भंडारित या परिवहन किए जा रहे धान पर नियंत्रण रखने के लिए विभागीय दल द्वारा नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में धान के भंडारण और उससे संबंधित गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि खरीदी व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान के अवैध भंडारण, परिवहन अथवा व्यापार का मामला सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग और मंडी का संयुक्त जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *