रायपुर : प्रोजेक्ट दिनकर के तहत बालोद के 15 गांव बनेंगे शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत

PTV BHARAT 20 NOVEMBER 2026- रायपुर : प्रोजेक्ट दिनकर के तहत बालोद के 15 गांव बनेंगे शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत

बालोद जिले के गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत बनाने की जिला प्रशासन की पहल ‘प्रोजेक्ट दिनकर’ अब जमीनी स्तर पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में प्रोजेक्ट दिनकर के तहत प्रथम चरण में चयनित 15 ग्रामों के सरपंचों एवं सचिवों से चर्चा कर इस पहल की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य को पूरा करने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

बैठक में बताया गया कि प्रोजेक्ट दिनकर के अंतर्गत प्रथम चरण में चयनित सभी 15 ग्रामों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत (सोलर विलेज) किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को निःशुल्क बिजली के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

शून्य अंशदान पर घरों में लगेंगे 2 किलोवाट तक के सोलर पैनल

बैठक में बताया गया कि चयनित ग्रामों में ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत हितग्राहियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त अंशदान नहीं लिया जाएगा। यह योजना पूर्णतः शून्य अंशदान पर आधारित होगी। इसके तहत ग्रामीणों के घरों में 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इसका संपूर्ण व्यय केंद्र एवं राज्य शासन की सब्सिडी और निर्धारित मॉडल के माध्यम से वहन किया जाएगा।

सोलर पैनल लगने से ग्रामीणों का बिजली बिल शून्य हो जाएगा। गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों के साथ ही अन्य सभी घरों में प्राथमिकता के साथ सोलर पैनल स्थापित किए जाएंगे।

शासकीय भवन और स्ट्रीट लाइट भी होंगे सौर ऊर्जीकृत, महिला समूह बनेंगी वेंडर

प्रोजेक्ट दिनकर के तहत गांवों के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्ट्रीट लाइटों को भी सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित रूप से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्थानीय स्तर पर आजीविका संवर्धन के लिए महिला स्व-सहायता समूहों को वेंडर बनाया जाएगा। इसके लिए आवश्यक वेंडर पंजीयन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त होने वाली सब्सिडी की राशि संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) के खाते में जाएगी। इसके लिए हितग्राहियों से सहमति पत्र प्राप्त किया जाएगा।

ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में ग्राम उकारी, नलकसा, हिड़कापार, कुंवागोंदी, कोपेडेरा, तुएदण्ड, दुहकाटोला, कुमुड़कट्टा, गैंजी, परसुटोला, जमही, अड़जाल, कामता, औराटोला तथा गुजरा को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत किया जाएगा।

इसके लिए संबंधित ग्रामों के सरपंच एवं सचिव ग्रामीणों की बैठक लेकर इस अभिनव पहल की जानकारी देंगे। साथ ही ग्रामीणों से सहमति पत्र प्राप्त कर योजना की शुरुआत की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *