PTV BHARAT 23 NOVEMBER 2026- सक्ती : कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की
कलेक्टर जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभागों के अंतर्गत लंबित समय-सीमा के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
धान खरीदी केंद्रों की निगरानी और अवैध धान पर नियंत्रण के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल नियंत्रण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित जिले में धान खरीदी का महाअभियान चल रहा है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण और निगरानी करें। संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और टीआई को आपसी समन्वय से टीम बनाकर आवश्यकता के अनुसार रात के समय भी गश्त एवं निगरानी करने को कहा, ताकि जिले में अवैध धान की खपत न हो सके।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि नवंबर माह में धान खरीदी केंद्रों में धान की आवक बढ़ेगी। इस दौरान अवैध रूप से धान खपाने के लिए कोचिए और बिचौलिए भी सक्रिय हो जाते हैं। इसलिए पुलिस एवं प्रशासन के सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहते हुए मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसके सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय से संयुक्त टीम बनाकर कार्य करें। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण निर्मित करने के निर्देश दिए।
अवैध शराब और आयोजनों की व्यवस्थाओं पर भी दिए निर्देश
कलेक्टर ने आबकारी विभाग के अधिकारी को जिले में अवैध शराब के निर्माण, आवागमन या परिवहन की जानकारी मिलने पर पुलिस विभाग से समन्वय कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब की गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों को मिलकर अवैध शराब सहित अन्य गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में विभिन्न मेले और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने वाले हैं। ऐसे आयोजनों की अनुमति देने से पहले संबंधितों को आवश्यक नियमों की जानकारी दी जाए और उनका पालन सुनिश्चित कराया जाए। पुलिस प्रशासन के समन्वय से यातायात सहित अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में कोटपा एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी ली तथा संबंधित दल को आवश्यकता के अनुसार पुलिस विभाग का सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
धान खरीदी की तैयारियों और केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जारी धान खरीदी कार्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों से केंद्रवार निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। सभी नोडल अधिकारियों को अपने निर्धारित केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रत्येक सप्ताह आवश्यक जानकारी जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा।
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में बारदानों की उपलब्धता और खरीदे गए धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त जगह की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की संख्या के अनुरूप धान खरीदी, तौल, भंडारण और बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट और सीसीटीवी कैमरों के साथ पेयजल, छाया, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था भी रखी जाए।
कलेक्टर ने धान खरीदी से जुड़े अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा दूसरे जिलों से अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं गंभीरता से धान खरीदी का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
उप निर्वाचन और जनगणना की तैयारियों की जानकारी ली
कलेक्टर जयश्री जैन ने जिले के ग्रामों में कुछ पंच एवं सरपंच पदों के उप निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में संचालित जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी 2 से 4 दिसंबर तक आयोजित होने वाली जनगणना मास्टर ट्रेनर कार्यशाला की तैयारियों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस प्रणाली से शासकीय कार्यों के संचालन पर जोर
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से शासकीय कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में फाइलों का संचालन एवं शासकीय कार्य ऑनलाइन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किए जाएं। इससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी तथा शासकीय कार्यों का संपादन सरल, सुगम और व्यवस्थित रूप से हो सकेगा। उन्होंने सभी विभागों को इसके लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, पंचायत सहित अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों से जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने विभाग के अंतर्गत संचालित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में गंभीरता से कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने को कहा। कलेक्टर ने कार्यों के बेहतर संचालन और परिणाम प्राप्त करने के लिए विभागीय कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन और लंबित शिकायतों के निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की विभागवार जानकारी ली। समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले संबंधित विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से आम नागरिकों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण करने और शासन की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यों की विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने और आमजन को अधिक से अधिक लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जाति प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य योजनाओं और सेवा सेतु की समीक्षा
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के कार्यों की जानकारी लेते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत एचपीवी वैक्सीनेशन, निक्षय पोषण योजना और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट सहित अन्य कार्यों की जानकारी ली गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सेवा सेतु ऐप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में लेबर रिपोर्ट, स्वामित्व योजना, लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, आयुष्मान योजना और पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
उन्होंने तहसीलवार विवादित एवं अविवादित नामांतरण, विवादित एवं अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार और आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
इसी प्रकार पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों तथा जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर नवीन भगत, अपर कलेक्टर के.एस. पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल सहित पुलिस एवं प्रशासन के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

