सुकमा : खेल के मैदानों में गूंज रहा बदलाव का संदेश, बस्तर ओलंपिक से निखर रही ग्रामीण प्रतिभाएं

PTV BHARAT 23 NOVEMBER 2026- सुकमा : खेल के मैदानों में गूंज रहा बदलाव का संदेश, बस्तर ओलंपिक से निखर रही ग्रामीण प्रतिभाएं

बस्तर के दूरस्थ वनांचलों में बदलाव की नई तस्वीर अब खेल के मैदानों में दिखाई दे रही है। कभी नक्सलवाद के प्रभाव के लिए पहचाने जाने वाले इन क्षेत्रों में आज खेल, उमंग और उत्साह की गूंज सुनाई दे रही है। इसकी जीवंत झलक रविवार को हड़मा स्टेडियम सुकमा में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026-27 के विकासखंड स्तरीय मुकाबलों में देखने को मिली।

‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी, जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, जनपद अध्यक्ष संतोष इडो, उपाध्यक्ष रीना पेद्दी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन में युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने ग्रामीण अंचलों में खेलों के प्रति बढ़ते विश्वास और सकारात्मक बदलाव को प्रदर्शित किया।

महिलाओं की भागीदारी बनी आयोजन का खास आकर्षण

बस्तर ओलंपिक की सबसे खास तस्वीर महिलाओं की भागीदारी रही। दूरस्थ गांवों से महिलाएं अपने नन्हे बच्चों को गोद में लेकर खेल मैदान पहुंचीं और लंबी दौड़, ऊंची कूद, कबड्डी, तीरंदाजी, बैडमिंटन, कराटे, वॉलीबॉल एवं रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की शपथ भी दिलाई गई।

यह आयोजन दर्शा रहा है कि बस्तर के गांवों में खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सहभागिता और प्रतिभा को पहचान दिलाने का सशक्त जरिया बन रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर आयोजन की खुशियों में सहभागिता निभाई।

खिलाड़ियों के लिए भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था

जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों की सुविधा और बेहतर अनुभव को प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। दूर-दराज से आने वाले प्रतिभागियों के लिए नाश्ते और पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य जांच शिविर की सुविधा सुनिश्चित की गई है। आकर्षक सेल्फी स्टैंड भी खिलाड़ियों और ग्रामीणों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

महिला खिलाड़ियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की इस पहल से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है। खिलाड़ियों ने आयोजन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। एसडीएम सूरज कश्यप सहित संबंधित अधिकारी मैदान में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं।

20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं, 26-27 नवंबर को जिला स्तरीय मुकाबले

बस्तर ओलंपिक 2026-27 के तहत 20 से 23 नवंबर तक सुकमा, छिंदगढ़ और कोंटा में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 26 एवं 27 नवंबर को हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान सुकमा में जिला स्तरीय मुकाबले होंगे।

जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभिन्न खेल विधाओं के आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। जिला प्रशासन की यह पहल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही खेलों के माध्यम से नई पीढ़ी को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से जोड़ रही है।

खेलों के माध्यम से विश्वास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा

बस्तर ओलंपिक के माध्यम से जिला प्रशासन सुकमा में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ दूरस्थ अंचलों में विश्वास, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी को भी मजबूत करने का प्रयास कर रहा है। खेल मैदानों में उमड़ता जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि बस्तर अब अपनी पहचान खेल, प्रतिभा और विकास के दम पर गढ़ रहा है।

यह आयोजन न केवल ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच दे रहा है, बल्कि भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

इस अवसर पर एसडीएम सूरज कश्यप, जिला खेल अधिकारी कैलाश कश्यप, जनपद सीईओ तरुण बघेल, एपीसी आशीष राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *