PTV BHARAT रायपुर, 19 दिसम्बर, 2025: विभिन्न टेलिविजन चैनल्स पर प्रसारित होने बाले कार्यक्रम अवेकनिंग विध ब्रह्माकुमारीज (Awakening with Brahmakumaris) की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी दो दिवसीय प्रवास पर 22 दिसम्बर को रायपुर आएंगी। शासन ने उन्हें राजकीय अतिथि घोषित किया है।
यह जानकारी छ.ग. चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश बौरानी और ब्रह्माकुमारी की रायपुर संचालिका सविता दीदी ने आज पत्रकारों को जानकारी देते हुए बतलाया कि अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान शिवानी दीदी 22 दिसम्बर को शाम 6 बजे रायपुर में श्याम टाकीज के निकट बुडापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज और प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं बिजनेस एंड इंडस्ट्री विंग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित आध्यात्मिक समारोह में व्याख्यान देगी। विषय होगा-अनिश्चितता से मुकाबला। पश्चात वह 23 दिसम्बर को सुबह 7 बजे नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-20 स्थित शान्ति शिखर में संकल्प से सिद्धि विषय पर अपना उद्बोधन देंगी।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी व ब्रह्माकुमारी संस्थान के पदाधिकारियों सहित नगर के प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे। समारोह में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है किन्तु प्रवेश पत्र (Entry Pass) प्राप्त करना जरूरी है। जो कि छ.ग. चेम्बर ऑफ कामर्स के आफिस अबचा ब्रह्माकुमारीज सेवा केन्द्र से प्राप्त किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी पुणे विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक इन्जीनियरिंग में गोल्ड मेडलिस्ट हैं। वह विगत दो दशकों से भी अधिक समय से राजयोग की साधना कर रही है। उन्होंने जीवन के विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन किया है, जो कि उनके व्याख्यान से स्पष्ट अनुभव होता है।
उनके व्याख्यानों का नियमित रूप से प्रसारण विभिन्न टेलिविजन चैनल्स पर किया जाता है। वह अच्छी लेखिका भी है उन्होंने हैप्पीनेस इन्डेक्स, सुखद जीवन (हैप्पी लिविंग), असीम आनन्द की ओर (हैप्पीनेस अनलिमिटेड) जैसी कई किताबें भी लिखी है। इसके अलावा विभिन्न समाचार पत्रों में नियमित रूप से उनके कालम प्रकाशित होते रहते हैं। वर्ष 2018 में भारत शासन द्वारा शिवानी दीदी को नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया है।

