PTV BHARAT 25 FEBRUARY 2026 मथुरा। ब्रज में होली का उल्लास अब चरम पर है। मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश महाराज में ठाकुरजी ने यमुना तट पर विराजमान होकर अपने भक्तों के साथ जमकर होली खेली। भगवान और भक्तों के बीच चले इस प्रेम के रंग में देश-विदेश से आए श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। टेसू के रंगों में भक्त सराबोर हो गए। मंगलवार से होलिकाष्टक शुरू होते ही होली का उल्लास छा गया। भक्त होली की मस्ती में सराबोर हो गए। आनंद का रंग ब्रज में हर ओर वर्षा। द्वारकाधीश मंदिर में सुबह 10 बजे ठाकुरजी यमुना तट पर पधारे। मंदिर मुखिया सुधीर कुमार ने परंपरा का निर्वहन करते हुए ठाकुरजी को होली खिलाई। उन्होंने स्वर्ण व रजत की पिचकारियों से भक्तों पर शुद्ध टेसू के फूलों से बना प्राकृतिक रंग बरसाया। देखते ही देखते पूरा मंदिर ठाकुरजी की जय के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।होली के इस विशेष आयोजन में ब्रज फाग रसिया मंडल के गायकों द्वारा ब्रज के पारंपरिक रसिया गीतों की प्रस्तुति दी गई। ढप और मृदंग की थाप पर बज रहे रसियाओं का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्री उमड़े। स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों ने भी ब्रज की इस अलौकिक संस्कृति का अनुभव किया।मंदिर के मीडिया प्रभारी एडवोकेट राकेश तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 11 बजे तक होली का आयोजन होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से आयोजन में भाग लेने का अनुरोध किया है।
द्वारकाधीश मंदिर में ठाकुरजी ने खेली भक्तों संग होली
