कैंसर उपचार को किफायती और सुलभ बनाने की दिशा में पहल

PTV BHARAT 16 NOVEMBER 2026 PIB (श्रीमति अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री हैं।) चिकित्सा विज्ञान में हुई प्रगति ने कैंसर सहित अनेक गंभीर बीमारियों के उपचार की संभावनाओं को पहले से कहीं अधिक व्यापक बना दिया है। नई दवाओं, लक्षित उपचार और इम्युनोथेरेपी जैसी बहुत प्रभावशाली आधुनिक पद्धतियों ने कई प्रकार के कैंसर के उपचार में नई उम्मीद जगाई है। कैंसर का प्रभाव केवल मरीज के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह उसके परिवार के भावनात्मक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी प्रभावित करता है। ये भी सच है कि उपचार की लंबी प्रक्रिया, अस्पतालों के लगातार चक्कर और दवाओं की ऊंची कीमतें जैसी कई चुनौतियों के कारण मरीज और उसके परिजन बिना लड़ाई लड़े ही उम्मीद खोने लगते हैं।कैंसर की दवाओं की ऊंची कीमतों के पीछे कई कारक जिम्मेदार हैं। जहां एक ओर, विशेष रूप से बायोलॉजिकल दवाओं और नई उपचार पद्धतियों के अनुसंधान, विकास एवं विनिर्माण में होने वाला भारी निवेश इनकी लागत को प्रभावित करता है, वहीं दूसरी ओर, आपूर्ति शृंखला में अत्यधिक व्यापारिक मार्जिन जैसी अनुचित प्रथाओं के कारण कैंसर की दवाएं महंगी होती हैं|इसी संदर्भ में, भारत सरकार ने जनहित में 137 चिन्हित गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं के व्यापार मार्जिन का युक्तिसंगतीकरण (टीएमआर) किया है। इसमें न केवल घरेलू बाजार में उपलब्ध दवाएं शामिल हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर उपलब्ध दवाएं भी शामिल हैं। इसके तहत इन दवाओं पर अधिकतम व्यापार मार्जिन 30 प्रतिशत निर्धारित किया है। यह कदम सुनिश्चित करता है कि वर्तमान और भविष्य की कैंसर दवाओं को 30% मार्जिन के अंतर्गत कवर किया जाए।  जिससे 1000 से अधिक कैंसर दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में 20%-70% की कमी आई है। । दवाओं और ब्रांडों के स्तर पर वास्तविक मूल्य कटौती अलग-अलग हो सकती है। उम्मीद है कि इससे न केवल कैंसर का उपचार अधिक किफायती होगा, बल्कि उन मरीजों को भी समय पर उपचार शुरू करने का भरोसा मिला है, जो अब तक इसकी ऊंची लागत के कारण कैंसर के इलाज में पहला कदम उठाने में हिचकिचाते रहे थे।कैंसर के उपचार में प्रयोग होने वाली कुछ आधुनिक दवाएं, विशेषकर जैविक (Biological) दवाएं और इम्युनोथेरेपी, पारंपरिक रासायनिक दवाओं की तुलना में अधिक महंगी होती हैं। जिसका कारण, इनके विकास और निर्माण की जटिल प्रक्रिया है। जहां सामान्य रासायनिक दवाएं नियंत्रित रासायनिक प्रक्रियाओं से तैयार की जाती हैं, वहीं जैविक दवाएं जीवित कोशिकाओं और जैविक प्रणालियों की सहायता से विकसित होती हैं। इनके निर्माण के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, विशेष उत्पादन सुविधाओं, जटिल तकनीकों और गुणवत्ता के कड़े मानकों की जरूरत होती है। इसके अलावा, इनकी सुरक्षा और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए लंबे शोध और व्यापक क्लिनिकल परीक्षण भी किए जाते हैं, जो भी सामान्य से अधिक जटिल होती है। इन सभी पहलुओं का असर दवाओं की लागत पर पड़ता है। इसलिए कैंसर की दवाओं की कीमतों को कम करने के प्रयास में यह समझना भी जरूरी है कि एक ओर नई चिकित्सा तकनीकों को प्रोत्साहन मिले, वहीं दूसरी ओर उनका लाभ मरीज तक भी पहुंचे।कैंसर की इन महंगी दवाओं को मरीजों तक सुलभ बनाने के लिए, अधिक से अधिक अस्पतालों को टाटा मेमोरियल अस्पताल के कैंसर ग्रिड का हिस्सा बनना होगा, जहां बातचीत के जरिए कीमतों में छूट देकर नई चिकित्सा पद्धतियों को मरीजों के लिए किफायती बनाया जा रहा है। इसके अलावा, सीजीएचएस जैसी सरकारी खरीद प्रणाली से इन नई दवाओं की थोक खरीद करके इन्हें मरीजों तक पहुंचाया जा सकता है।यह सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि दवाओं की कीमतों में की गई कमी का वास्तविक लाभ मरीजों को मिले और यह कमी अस्पतालों के बिलों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे। सरकारी और निजी, दोनों तरह के अस्पतालों में यह सुनिश्चित करना होगा कि मरीजों से संशोधित कीमतों के अनुसार ही भुगतान लिया जाए। संशोधित कीमतें 9 नवंबर, 2026 से हो चुकी हैं। मरीज एनपीपीए की वेबसाइट और ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से कीमतों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। क्योंकि कैंसर रोधी दवाओं की एक बड़ी आपूर्ति सीधे अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को की जाती है, इसलिए उन्हें निर्धारित तारीख से ही मरीजों को कम कीमतों पर दवाएं उपलब्ध करानी होंगी। दवाओं की नई कीमतें अस्पतालों और फार्मेसियों में प्रमुखता से प्रदर्शित होनी चाहिए। सरकार इस व्यवस्था के प्रभावी कार्यान्वयन की निगरानी अस्पताल और फार्मेसी स्तर पर राज्य औषधि नियंत्रक (स्टेट ड्रग कंट्रोलर्स) निर्माताओं के माध्यम से कर रही है। । इसके साथ ही, Pharma Sahi Daam ऐप पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और फीडबैक के जरिए भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मूल्य में की गई कटौती का पूरा लाभ मरीजों तक पहुंचे।

कैंसर, रोगी और उसके परिवार दोनों के लिए एक लंबी लड़ाई है। डॉक्टरों और अस्पतालों के लिए, कैंसर से जंग जीतने वाला हर मरीज उनकी सफलता की एक और कड़ी है। सभी प्रकार की कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन कैप लगाने से कैंसर का इलाज किफायती और सुलभ हो जाएगा। अस्पतालों, फार्मेसियों और गैर सरकारी संगठनों के सामूहिक प्रयासों से कैंसर रोगी और उनके परिवारों को किफायती कैंसर देखभाल और करीब हम लाने में सक्षम होंगे। अंततः किसी भी स्वास्थ्य नीति की सार्थकता इसी में है कि चिकित्सा विज्ञान की प्रगति और नवाचार जारी रहने चाहिए और इसका लाभ हर जरूरतमंद मरीज तक पहुंचे और आर्थिक कठिनाइयां उसके उपचार के रास्ते में बाधा न बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *