PTV BHARAT 15 NOVEMBER 2026- जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तपकरा में छठ महापर्व पर दिया संध्या अर्घ्य, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के तपकरा में छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण किया गया है। वहीं, दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से नए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस भी पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में श्रीमती कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमन्ती साय, भरत साय सहित जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

