रायपुर : स्वनिधि महोत्सव बना जीरो वेस्ट आयोजन की मिसाल, बांस की प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों में परोसा भोजन

PTV BHARAT 15 NOVEMBER 2026- रायपुर : स्वनिधि महोत्सव बना जीरो वेस्ट आयोजन की मिसाल, बांस की प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों में परोसा भोजन

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों में प्लास्टिक के इस्तेमाल की अनिवार्यता को चुनौती देते हुए पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल पेश की। करीब 2,500 लोगों के खानपान, कई फूड स्टॉलों, पेयजल और सजावट की व्यापक व्यवस्थाओं के बावजूद पूरे आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं हुआ। भोजन परोसने के लिए बांस की प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया, वहीं पानी के लिए भी प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के विकल्प अपनाए गए। सजावट और सूचना पट्टों में भी दोबारा इस्तेमाल होने वाली सामग्री का उपयोग किया गया। आयोजन के दौरान निकलने वाले कचरे को अलग-अलग संग्रहित कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई। स्वनिधि महोत्सव ने नवाचार के जरिए यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि हजारों लोगों की भागीदारी वाले आयोजन भी प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण अनुकूल तरीके से संपन्न किए जा सकते हैं।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में प्रदेश के लगभग 2,500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य पथ विक्रेताओं की उद्यमशीलता का सम्मान करने के साथ उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना तथा शहरी अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को रेखांकित करना था।

खानपान से लेकर पेयजल तक बदली व्यवस्था

महोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए खानपान की व्यवस्थाओं में विशेष नवाचार किया गया। कई फूड स्टॉलों पर प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों के बजाय बांस से बनी प्लेटों और प्लास्टिक के चम्मचों की जगह लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया। प्लास्टिक के कप और गिलासों का भी इस्तेमाल नहीं हुआ। इसी तरह पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के बजाय वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में 2,500 लोगों के भोजन के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था की गई। बांस की थालियों में भोजन और कागज के गिलासों में पानी परोसा गया। आवश्यकता के अनुसार जैव निम्नीकरणीय और कम्पोस्ट योग्य सामग्री को प्राथमिकता दी गई। इस व्यवस्था के माध्यम से यह दिखाया गया कि बड़ी संख्या में लोगों के भोजन और पेयजल का प्रबंध एकल उपयोग प्लास्टिक के बिना भी किया जा सकता है।

सजावट में भी नवाचार, कचरे के निस्तारण का इंतजाम

महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का प्रयास केवल खानपान तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में भी ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसका दोबारा उपयोग किया जा सके। आयोजन के दौरान कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया। गीले, सूखे और अन्य अस्वीकृत अपशिष्ट को उत्पन्न होने के स्थान पर ही अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण के इंतजाम किए गए। अपशिष्ट की मात्रा न्यूनतम रखने के साथ पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को भी प्राथमिकता दी गई।

स्वनिधि महोत्सव में अपनाई गई इन व्यवस्थाओं ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों को पर्यावरण अनुकूल बनाने का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया। आर्थिक सशक्तिकरण के उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयास रायपुर में बड़े आयोजनों के लिए एक अनुकरणीय पहल के रूप में सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *