PTV BHARAT 04 MAY 2026 जशपुरनगर 04 मई 2026/ वनांचल एवं अनुसूचित जनजाति बाहुल्य जिला जशपुर में आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर प्रभावी उपचार मिल सके। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले को इसी वर्ष 01 अप्रैल को 23 एम्बुलेंस सेवाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 3 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) तथा 20 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मितान हेल्पलाइन आमजन के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। सीएम कैंप कार्यालय बगिया में इलाज के लिए प्राप्त आवेदन पर तत्काल समाधान करते हुए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मितान की टीम द्वारा इलाज के लिए उचित व्यवस्था कराई जाती है। यह हेल्पलाइन आपातकालीन परिस्थितियों में निःशुल्क और त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान कर रही है। पिछले 26 महीनों में लगभग 3,570 मरीजों को चिकित्सीय सलाह, दवाइयां, अस्पताल में भर्ती, रेफरल सेवा तथा आवश्यकता अनुसार एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। हेल्पलाइन की विशेषता यह है कि 5 मिनट के भीतर रिस्पांस दिया जाता है तथा प्रत्येक कॉल पर 1 से 3 फॉलोअप सुनिश्चित किए जाते हैं। साथ ही, ओला-उबर की तर्ज पर एंबुलेंस ट्रैकिंग लिंक उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों में वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
