खेती में नैनो डीएपी – यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने गांव-गांव में चलाया जाएगा जन-जागरूकता अभियान

PTV BHARAT 29 MAY 2026 रायपुर – मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों के हित में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य स्तरीय नैनो डीएपी-यूरिया  जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग, उनके चमत्कारी लाभों तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। बता दें कि राज्य सरकार कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता वाली खेती को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्धता के साथ किसान हित में काम कर रही है। इसके तहत वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग और टिकाऊ खेती के लिए प्रेरित किया जा सके।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय स्वयं इस अभियान से जुड़कर किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के साथ सीधे खेतों का निरीक्षण करेंगे, फसलों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेंगे और उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर व्यक्तिगत अनुभव साझा करेंगे।  इस अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली किसान चौपाल को चार प्रमुख चरणों में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत खेतों के निरीक्षण से होगी जहां मुख्यमंत्री जी कृषि वैज्ञानिकों के साथ खेतों का ऑन-ग्राउंड अवलोकन करेंगे और किसानों से फसलों की स्थिति तथा चुनौतियों पर सीधी बातचीत करेंगे। इसके बाद खेतों के बीच ही चौपाल शैली में खुला संवाद सत्र आयोजित होगा, जहां किसान सीधे सवाल पूछ सकेंगे और वैज्ञानिक उनकी सरल भाषा में शंकाओं का समाधान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *