रायपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 : योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम-सांसद बृजमोहन अग्रवाल

PTV BHARAT 21 JUNE 2026 – रायपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 : योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम – सांसद बृजमोहन अग्रवाल – 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन नवीन कृषि उपज मंडी परिसर, बलौदाबाजार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विशिष्ट अतिथियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों की उपस्थिति में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वस्थ शरीर एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज विश्व के लगभग 177 देशों में योगाभ्यास किया जा रहा है। योग भारत की प्राचीन जीवन पद्धति है, जिसमें “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना समाहित है। योग न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित करने का माध्यम है, बल्कि जीवन में खुशहाली और समृद्धि भी लाता है।

उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बच्चे और युवा फास्ट फूड में ज्यादा रुचि लेते हैं तथा जिम जाते हैं। असंतुलित खान-पान के कारण शरीर स्वस्थ नहीं रह पाता, जिससे मानसिक तनाव उत्पन्न होता है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों और विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह करते हुए कहा कि योग हमें निरोग और खुशहाल जीवन प्रदान करता है।

इस मौके पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि योग हमारे लिए अमूल्य धरोहर है। योग से तन-मन स्वस्थ होने के साथ ही अनुशासन और संयम की भावना विकसित होती है। जीवन में शांति और समृद्धि के लिए ये सभी गुण आवश्यक हैं। उन्होंने योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

सामूहिक योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास कराया गया। इसमें ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित अनेक योग क्रियाएं शामिल थीं। इस अवसर पर नागरिकों को पौधे भी वितरित किए गए।

जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जिले के सभी विकासखंडों, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा, डीएफओ गणवीर धम्मशील, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, योगेश अग्रवाल, टेसू लाल धुरंधर, रेवा राम साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *