अम्बिकापुर : सुशासन तिहार बना जनकल्याण का प्रभावी माध्यम, हजारों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- अम्बिकापुर : सुशासन तिहार बना जनकल्याण का प्रभावी माध्यम, हजारों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में आयोजित सुशासन तिहार जन समस्या निवारण का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया तथा बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन आम जनता के द्वार तक पहुंचा, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को आवश्यक सेवाएं और योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध हो सका। जिले के सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों में अधिकारियों और मैदानी अमले ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया।

जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत कुल 540 नवीन राशन कार्ड बनाए गए, 752 राशन कार्डों में नए सदस्यों के नाम जोड़े गए, 1062 पात्र हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृत की गई, 1156 नए शौचालयों की स्वीकृति प्रदान की गई तथा 79 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए गए।

उदयपुर जनपद पंचायत ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। यहां 249 नए राशन कार्ड बनाए गए, 194 राशन कार्डों में नए नाम जोड़े गए, 369 पेंशन स्वीकृत की गईं, 265 नए शौचालयों को मंजूरी दी गई तथा 11 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए गए। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ा गया, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिला।

सीतापुर जनपद पंचायत में 70 नए राशन कार्ड बनाए गए तथा 320 राशन कार्डों में नए नाम जोड़े गए। इसके अलावा 84 हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृत हुई, 300 नए शौचालयों को मंजूरी दी गई तथा 14 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए गए।

बतौली जनपद पंचायत में 40 नए राशन कार्ड बनाए गए, 55 राशन कार्डों में नाम जोड़े गए तथा 325 हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृत की गई। इसके अलावा 75 शौचालयों को मंजूरी दी गई और 12 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए गए।

मैनपाट जनपद पंचायत में 13 नए राशन कार्ड बनाए गए, 17 राशन कार्डों में नए नाम जोड़े गए तथा 65 पेंशन स्वीकृत की गईं। इसके अतिरिक्त 250 नए शौचालयों की स्वीकृति प्रदान की गई और 34 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए गए, जो जिले में सर्वाधिक है।

लखनपुर जनपद पंचायत में 14 नए राशन कार्ड बनाए गए, 13 राशन कार्डों में नए नाम जोड़े गए, 57 पेंशन स्वीकृत की गईं, 240 शौचालयों को मंजूरी दी गई तथा 1 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किया गया।

इसी प्रकार लुंड्रा में 65 नए राशन कार्ड बनाए गए, 132 राशन कार्डों में नए नाम जोड़े गए, 134 पेंशन स्वीकृत की गईं तथा 1 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किया गया।

अम्बिकापुर जनपद पंचायत में 89 नए राशन कार्ड बनाए गए, 21 राशन कार्डों में नए नाम जोड़े गए, 28 पेंशन स्वीकृत हुईं, 26 शौचालयों की मंजूरी दी गई तथा 6 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए गए।

सुशासन तिहार के सकारात्मक परिणाम यह दर्शाते हैं कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याण, सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की अवधारणा धरातल पर प्रभावी रूप से साकार हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *