रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने “प्रारंभ” पत्रिका के विशेषांक का किया विमोचन

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने “प्रारंभ” पत्रिका के विशेषांक का किया विमोचन

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने बुधवार को “सोसायटी फॉर एम्पावरमेंट” द्वारा प्रकाशित पत्रिका “प्रारंभ” के विशेषांक का विमोचन किया। यह विशेषांक “प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में जनजातीय ज्ञान की प्रासंगिकता” विषय पर केंद्रित है।

इस विशेषांक का संपादन लोकभवन रायपुर के संवैधानिक प्रकोष्ठ के उपसचिव डॉ. रूपेन्द्र कवी द्वारा किया गया है। पत्रिका में जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान, प्रकृति संरक्षण की उनकी जीवन शैली तथा पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के उनके अनुभवों को समाहित किया गया है।

विमोचन के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पत्रिका की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के बीच जनजातीय ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की जनजातीय परंपराएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

राज्यपाल ने कहा कि यह विशेषांक पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है और जनजातीय समाज के ज्ञान, अनुभव तथा सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर समझने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने पत्रिका के संपादक डॉ. रूपेन्द्र कवी सहित संपूर्ण संपादकीय टीम को इस महत्वपूर्ण प्रकाशन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा आशा व्यक्त की कि यह विशेषांक शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, नीति निर्माताओं और आम पाठकों के लिए उपयोगी साबित होगा।

“प्रारंभ” का यह विशेषांक जनजातीय ज्ञान और पर्यावरण संरक्षण के संबंध को रेखांकित करते हुए सतत विकास की दिशा में पारंपरिक ज्ञान की उपयोगिता को सामने लाने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *