रायपुर : राज्यपाल ने दिव्यांग पुनर्वास केंद्र माना कैंप का किया अवलोकन

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने दिव्यांग पुनर्वास केंद्र माना कैंप का किया अवलोकन

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा माना कैंप में संचालित फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर, सेरेब्रल पाल्सी गेट लैब तथा दिव्यांगजनों के लिए संचालित महाविद्यालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने पुनर्वास केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग के संचालक श्री रणवीर शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने सेरेब्रल पाल्सी गेट लैब में स्थापित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का अवलोकन किया और उनके उपयोग एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने उन्हें बताया कि केंद्र में इंटरफेरेंशियल थेरेपी यूनिट, शॉर्ट वेव डायथर्मी, माइक्रो मोशन सिस्टम, गेट लैब, अल्ट्रासाउंड थेरेपी, गेट ट्रेनर, आइसोकाइनेटिक यूनिट, ट्रैक्शन यूनिट, मोटामेड तथा मसल्स स्टिम्युलेटर जैसे आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इनका उपयोग दिव्यांगजनों के उपचार, पुनर्वास और शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाता है।

राज्यपाल ने केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा और पुनर्वास सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इसके बाद उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित महाविद्यालय का निरीक्षण किया। महाविद्यालय में वर्तमान में 140 दृष्टिबाधित, मूक और बधिर विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जो ब्रेल लिपि सहित विभिन्न माध्यमों से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई हस्तशिल्प सामग्री, ड्राइंग और पेंटिंग का अवलोकन कर राज्यपाल ने उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा की प्रशंसा की तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निर्माण कार्यशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संचालित विभिन्न इकाइयों की जानकारी ली और दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।

राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों के पुनर्वास, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *