PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने सक्ती जिले के अधिकारियों से की चर्चा, जल संरक्षण और हरियाली पर दिया विशेष जोर
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने बुधवार को लोकभवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सक्ती जिले के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े 22 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी लेते हुए विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों से कहा कि जिले में प्री-मानसून और पोस्ट-मानसून जल स्तर का आकलन किया जाए तथा जल संरक्षण के लिए ठोस और दीर्घकालिक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने पर भी जोर दिया।
श्री डेका ने कहा कि “जल संरक्षण भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है” और इसके लिए अभी से प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों, भवनों एवं आवासीय परिसरों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में सभी शासकीय कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने जनजातीय एवं वन क्षेत्रों में पुराने तालाबों, कुओं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए “वीबी-जी राम जी” योजना के अंतर्गत कार्य कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे जल संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।
महिला स्व-सहायता समूहों की आय वृद्धि पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं को केवल पारंपरिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए नवाचार आधारित और अधिक लाभकारी व्यवसायों से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने लखपति दीदियों को हाइड्रोपोनिक्स और प्राकृतिक खेती जैसी आधुनिक कृषि गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि नियमित योग करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाए ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को योग गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने कहा कि ऐसे मरीज जो टीबी के साथ अन्य गंभीर बीमारियों से भी पीड़ित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर मेडिकल कॉलेज और एम्स जैसे संस्थानों में रेफर किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने जैविक खेती में वैल्यू एडिशन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने तथा लाभप्रद कृषि को प्रोत्साहित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रशासन सक्ती के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। राज्यपाल ने अधिकारियों से जनहित से जुड़े विषयों पर परिणाममूलक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

