रायपुर : वीरांगना रानी दुर्गावती का शौर्य और बलिदान राष्ट्र की प्रेरणा का अमर स्रोत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- रायपुर : वीरांगना रानी दुर्गावती का शौर्य और बलिदान राष्ट्र की प्रेरणा का अमर स्रोत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर के केनाल लिंकिंग रोड स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने रानी दुर्गावती के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर बताते हुए उन्हें राष्ट्र के लिए प्रेरणा का शाश्वत स्रोत बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। उनका शौर्य और त्याग आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है तथा विपरीत परिस्थितियों में साहस, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के लिए अपने महान नायकों, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का स्मरण करना अत्यंत आवश्यक है। जो समाज अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों को भूल जाता है, उसका भविष्य भी संकटग्रस्त हो सकता है। वहीं जो समाज अपने महापुरुषों को सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखता है, उसका भविष्य सदैव उज्ज्वल होता है।

मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुगल साम्राज्य की विशाल सेना के सामने अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने अंतिम सांस तक संघर्ष किया और वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस और आत्मसम्मान के अनुपम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। विकास की यात्रा तभी सार्थक होती है जब हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक चेतना और महान विभूतियों के योगदान को भी समान महत्व दें। रानी दुर्गावती ने जिस राष्ट्रचेतना, संघर्ष और स्वाभिमान की भावना को स्थापित किया, वह आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन केवल इतिहास का विषय नहीं है, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर हमें विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *