अम्बिकापुर : सैनिक स्कूल अंबिकापुर में आधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

PTV BHARAT 25 JUNE 2026- अंबिकापुर : सैनिक स्कूल में आधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

अंबिकापुर स्थित सैनिक स्कूल में नव-निर्मित अत्याधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अतिथियों ने उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट विद्यालय और कैडेट्स को समर्पित किया। कार्यक्रम की शुरुआत परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद देश के वीर सैनिकों के सम्मान में स्थापित ‘परमवीर गैलरी’ का भी लोकार्पण किया गया, जहां परमवीर चक्र विजेताओं के साहस और बलिदान की प्रेरक गाथाओं को प्रदर्शित किया गया है।

अपने संबोधन में मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा भविष्य के खिलाड़ियों और नेतृत्वकर्ताओं के निर्माण में सहायक होती हैं।

इस अवसर पर नव-निर्मित बैडमिंटन कोर्ट पर प्रदर्शनी मैचों का आयोजन भी किया गया, जिसमें कैडेट्स ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यालय की प्राचार्या कर्नल रीमा सोबती ने बताया कि पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण से कैडेट्स को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे। समारोह का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *