PTV BHARAT 25 JUNE 2026- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : पुनर्मूल्यांकन के बाद आकृति साहू ने राज्य मेरिट में हासिल किया 8वां स्थान
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा की छात्रा आकृति साहू ने पुनर्मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
पुनर्मूल्यांकन के बाद आकृति के चार अंक बढ़ने से उनका कुल प्राप्तांक 484 हो गया। इसके आधार पर उन्होंने राज्य मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया। वहीं निर्धारित बोनस अंक जोड़ने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 यानी 98.80 प्रतिशत दर्ज किया गया।
आकृति इससे पहले कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भी राज्य मेरिट सूची में स्थान बना चुकी हैं। उनकी लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत से उत्कृष्ट सफलता हासिल की जा सकती है।
विद्यालय के प्राचार्य भुवाल सिंह पैकरा ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा के कक्षा 12वीं के तीन विद्यार्थियों ने राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले को गौरवान्वित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी के मार्गदर्शन, पूर्व प्राचार्य वी. के. वर्मा के शैक्षणिक नेतृत्व और शिक्षकों के सतत प्रयासों से यह विद्यालय प्रदेश में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
आकृति साहू की इस सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग, अभिभावकों और जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

