PTV BHARAT 26 JUNE 2026 : गौरेला पेंड्रा मरवाही : पक्के घर से अमृतलाल के जिंदगी में आई खुशहाली, कलेक्टर ने दी बधाई-गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी अमृतलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने के बाद अपने परिवार के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को साझा किया। लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने वाले अमृतलाल का सपना अब एक सुरक्षित और मजबूत पक्के घर के रूप में साकार हुआ है।
24 जून को आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने उनके आवास का अवलोकन कर उन्हें बधाई दी। अमृतलाल ने बताया कि पहले बरसात के दिनों में घर की छत टपकती थी और दीवारों में सीलन आ जाती थी, जिससे परिवार को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान मिलने के बाद अब परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में रह रहा है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है और मौसम संबंधी परेशानियों से भी राहत मिली है।
अमृतलाल ने कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को नई पहचान और सुरक्षा प्रदान की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजना को गरीब परिवारों के लिए बेहद लाभकारी बताया।

