अम्बिकापुर : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से अनीता चौधरी बनीं ऊर्जा दाता, शून्य हुआ बिजली बिल

PTV BHARAT 5 JULY 2026 अम्बिकापुर : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से अनीता चौधरी बनीं ऊर्जा दाता, शून्य हुआ बिजली बिल – स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना का लाभ लेकर ग्राम पंचायत कंठी की निवासी अनीता चौधरी अब केवल बिजली की उपभोक्ता नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा के माध्यम से ऊर्जा दाता बन गई हैं।

अनीता चौधरी ने बताया कि पहले वे नियमित रूप से बिजली का बिल चुकाती थीं, लेकिन बिजली की खपत बढ़ने से बिल का भार भी बढ़ जाता था। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराया, जिसके बाद उनके घर की बिजली आवश्यकता सौर ऊर्जा से पूरी होने लगी और उनका बिजली बिल शून्य हो गया। आवश्यकता से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजे जाने से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से लगभग 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी मिलने से सोलर संयंत्र लगाना आसान और किफायती हो गया। इस आर्थिक सहायता के कारण आम परिवार भी बिना अधिक वित्तीय बोझ के स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा अपना सकते हैं।

अनीता चौधरी ने जिले के नागरिकों से अपने घरों की छत पर सोलर संयंत्र स्थापित कर योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे बिजली बिल में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आर्थिक राहत के साथ-साथ स्वच्छ और हरित भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *