PTV BHARAT 5 JULY 2026 रायपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मिला समाधान, 85 वर्षीय जॉन क्रूज़ मिंज का वर्षों पुराना इंतजार हुआ खत्म – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से जशपुर जिले के ग्राम जोकबहला निवासी 85 वर्षीय जॉन क्रूज़ मिंज की वर्षों पुरानी आधार कार्ड संबंधी समस्या का समाधान हो गया। कई बार प्रयास के बावजूद फिंगरप्रिंट मिलान और तकनीकी कारणों से उनका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा था, जिससे उन्हें पेंशन, बैंकिंग, राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही थी।
19 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद संबंधित विभाग ने मामले को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक तकनीकी बाधाओं का समाधान किया। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप मात्र तीन दिनों में, 22 जून को उनका आधार कार्ड सफलतापूर्वक जारी कर दिया गया।
आधार कार्ड मिलने पर जॉन क्रूज़ मिंज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब वे बैंकिंग सेवाओं, पेंशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और आयुष्मान भारत सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
यह मामला मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की प्रभावी, संवेदनशील और समयबद्ध शिकायत निवारण व्यवस्था का एक उदाहरण माना जा रहा है।

