PTV BHARAT 5 JULY 2026 रायपुर : महिला स्व-सहायता समूहों के ‘विष्णु भोग’ चावल की खुशबू पहुंची पुलिस मुख्यालय तक – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रवास पर पहुंचे पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का स्वागत जिले की पहचान बने ‘विष्णु भोग’ चावल से किया गया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे ‘विष्णु भोग’ चावल का पैकेट भेंट किया।
कलेक्टर ने बताया कि बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूह इस विशेष चावल का उत्पादन और विपणन कर रहे हैं। यह पहल स्थानीय कृषि उत्पादों को नई पहचान देने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने महिला समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘विष्णु भोग’ चावल केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पाद जिले की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि गुणवत्ता और परंपरा के साथ तैयार किए जा रहे ऐसे उत्पाद भविष्य में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान बनाएंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

