रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के वन धन विकास केंद्र पंचक्की की महिला स्व-सहायता समूह को किया सम्मानित

PTV BHARAT 5 JULY 2026 रायपुर : जशपुर के वन धन विकास केंद्र की महिला स्व-सहायता समूह को मिला ‘सहकार प्रेरणा सम्मान’ – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जशपुर जिले के वन धन विकास केंद्र, पंचक्की से जुड़े अनंत महिला स्व-सहायता समूह को ‘सहकार प्रेरणा सम्मान’ से सम्मानित किया। यह सम्मान इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन एवं सहकारी सप्ताह कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने समूह को सहकार प्रेरणा पुरस्कार और लाभांश राशि प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। वन विभाग के अंतर्गत संचालित इस समूह की 10 महिलाएं सामूहिक रूप से च्यवनप्राश सहित विभिन्न औषधीय उत्पाद तैयार करती हैं। वर्ष 2024-25 में समूह ने लगभग 36 लाख रुपये के उत्पादों का विक्रय कर महिला स्वावलंबन और ग्रामीण उद्यमिता का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित सहकारिता मंत्रालय ने ‘सहकार से समृद्धि’ के लक्ष्य को नई गति दी है। राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से किसानों, वनवासियों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि 29 जून से 6 जुलाई तक प्रदेश में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसी उद्देश्य से राज्य में अब तक 1,352 नई सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *