रायपुर : सीड ड्रिल तकनीक और किसान हितैषी योजनाओं ने बदली किसान भूपेश की तकदीर

PTV BHARAT 6 JULY 2026 रायपुर : सीड ड्रिल तकनीक और किसान हितैषी योजनाओं ने बदली किसान भूपेश की तकदीर – बालोद जिले के ग्राम सोंहपुर निवासी किसान भूपेश कुमार साहू ने आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेती की लागत कम करने के साथ उत्पादन और आय में वृद्धि की है।

पहले वे पारंपरिक छिड़काव पद्धति से धान की बुवाई करते थे, जिसमें अधिक बीज, श्रम और लागत की आवश्यकता होती थी। चार वर्ष पहले कृषि विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने सीड ड्रिल मशीन से बुवाई शुरू की। इस तकनीक से कम बीज की आवश्यकता, मजदूरी की बचत और कतारबद्ध बुवाई के कारण फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में सुधार हुआ है।

भूपेश कुमार साहू को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से धान के लिए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभकारी मूल्य मिलने से उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।

कृषि विभाग के अधिकारी समय-समय पर खेतों का निरीक्षण कर उन्हें उन्नत खेती, कीट एवं रोग प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं। इससे खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने में मदद मिल रही है।

भूपेश कुमार साहू ने बताया कि सीड ड्रिल तकनीक अपनाने और किसान हितैषी योजनाओं का लाभ मिलने से खेती की लागत कम हुई है और बेहतर उत्पादन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और कृषि विभाग के मार्गदर्शन से किसानों का खेती के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *