PTV BHARAT 6 JULY 2026 रायपुर : रोबोटिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग मानव कल्याण के लिए हो-राज्यपाल डेका – राज्यपाल रमेन डेका ने भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित प्रणवानंद अकादमी में रोबोटिक्स लैबोरेट्री का लोकार्पण किया। लैबोरेट्री की स्थापना के लिए राज्यपाल ने अपने स्वेच्छानुदान मद से राशि प्रदान की है।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकें हमारे जीवन को आसान बनाती हैं, लेकिन इनकी सार्थकता तभी है जब इनका उपयोग मानव कल्याण और समाज के विकास के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों से नहीं, बल्कि ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व रखने वाले विद्यार्थियों से होती है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से तकनीकी ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नवाचार मानवता के हित में होना चाहिए और तकनीक पर मानव का नियंत्रण होना चाहिए, न कि तकनीक मानव को नियंत्रित करे।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि चुनौतियों और असफलताओं के बाद फिर उठकर आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग है। उन्होंने समाज के प्रति सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में अकादमी के अध्यक्ष स्वामी शिवरूपानंद, प्राचार्य नीति यदुवंशी, संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

