रायपुर : स्वस्थ छत्तीसगढ़ करेगा विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण- मुख्यमंत्री साय

PTV BHARAT 6 JULY 2026 रायपुर : स्वस्थ छत्तीसगढ़ करेगा विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण-मुख्यमंत्री साय – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेगा। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों और चिकित्सकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार तथा चिकित्सकों और कर्मचारियों के आवासीय परिसर सहित लगभग 104 करोड़ रुपये की विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना एवं आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने मेडिकल विद्यार्थियों से पढ़ाई पूरी करने के बाद सरगुजा से बस्तर तक प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाएं देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य परियोजनाओं को लगातार गति मिल रही है और भविष्य में छत्तीसगढ़ को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की सौगात मिलने की उम्मीद है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग एवं फिजियोथेरेपी कॉलेजों के विस्तार के साथ योग, प्राकृतिक चिकित्सा और हृदय रोग उपचार सुविधाओं को भी विकसित किया जा रहा है।

परियोजनाओं के तहत 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के आवास, कैंसर भवन का द्वितीय से छठे तल तक विस्तार तथा छात्राओं के लिए अतिरिक्त कमरों, डॉरमेट्री, लाइब्रेरी और रिक्रिएशन हॉल सहित आधुनिक छात्रावास सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *