गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : अरपा-बिहान के विष्णुभोग चावल को मिला जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का भरपूर समर्थन

PTV BHARAT 7 JULY 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : अरपा-बिहान के विष्णुभोग चावल को मिला जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का भरपूर समर्थन – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे अरपा-बिहान विष्णुभोग चावल को जिले में लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। असेंबली हॉल, पेंड्रा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक विष्णुभोग चावल की खरीदारी कर महिला समूहों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने महिला स्व-सहायता समूहों से विष्णुभोग चावल खरीदकर उनका समर्थन किया। स्थानीय निवासी पंकज तिवारी ने 200 किलोग्राम विष्णुभोग चावल खरीदकर अब तक के सबसे बड़े खरीदार बनने का गौरव हासिल किया।

कार्यक्रम के दौरान केवल 30 मिनट में महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) ने 45 हजार रुपये से अधिक मूल्य के विष्णुभोग चावल की बिक्री की, जिसे महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया।

जैविक पद्धति से उत्पादित विष्णुभोग धान का प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से विष्णुभोग चावल की मांग और उत्पादन दोनों में लगातार वृद्धि हो रही है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अनुसार, इस वर्ष 250 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विष्णुभोग धान उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *