PTV BHARAT 7 JULY 2026 एमसीबी : समय पर मिला बीज और उर्वरक, किसान बलराम की मेहनत को मिली नई उड़ान – खरीफ सीजन में समय पर बीज और उर्वरकों की उपलब्धता से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम लालपुर निवासी किसान बलराम की खेती की तैयारी बिना किसी बाधा के पूरी हो सकी। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, चैनपुर शाखा से उन्हें समय पर आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराई गई।
समिति के माध्यम से बलराम को एमटीयू-1156 धान का प्रमाणित बीज, नीम लेपित यूरिया, इफको नैनो डीएपी, डीएपी और पोटाश उपलब्ध कराया गया। एक ही स्थान पर सभी कृषि आदान मिलने से उन्होंने निर्धारित समय पर खरीफ फसल की बुवाई की तैयारी पूरी कर ली।
बलराम ने बताया कि पहले बीज और उर्वरकों की व्यवस्था के लिए कई स्थानों पर जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की हानि होती थी। अब सहकारी समिति के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री आसानी से उपलब्ध होने से खेती समय पर शुरू हो रही है और बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ी है।
उन्होंने राज्य सरकार और सहकारी समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने की व्यवस्था छोटे और सीमांत किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। यह पहल किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

