एमसीबी : “मोर गांव मोर पानी“ अभियान बना जल संरक्षण की नई मिसाल

PTV BHARAT 8 JULY 2026 एमसीबी : ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान बना जल संरक्षण की नई मिसाल – एमसीबी जिले में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB G-RAM-G) के तहत संचालित ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान जल संरक्षण और ग्रामीण विकास का प्रभावी मॉडल बनकर उभर रहा है। अभियान के तहत जिले में 350 आजीविका डबरियों और 150 से अधिक सामुदायिक तालाबों का निर्माण, गहरीकरण एवं विकास किया गया है, जिससे वर्षा जल संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिल रही है।

इन जल संरचनाओं से किसानों को अतिरिक्त सिंचाई जल उपलब्ध होगा, फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और मत्स्य पालन, सब्जी उत्पादन, उद्यानिकी तथा पशुपालन जैसी गतिविधियों के जरिए ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। सामुदायिक तालाबों से पशुओं के लिए पेयजल, भू-जल संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण को भी दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्राम पंचायतों, स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों की भागीदारी से जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से निर्मित जल संरचनाओं के संरक्षण और नियमित रखरखाव में सक्रिय सहयोग की अपील की है, ताकि जिले को जल समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *