PTV BHARAT 8 JULY 2026 उत्तर बस्तर कांकेर : ‘बिहान’ योजना से सविता साहू बनीं ‘लखपति दीदी’ – उत्तर बस्तर कांकेर जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रहा है। विकासखंड कांकेर के ग्राम सिदेसर की श्रीमती सविता साहू ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर स्वरोजगार अपनाया और आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
गायत्री स्व-सहायता समूह की सदस्य सविता साहू ने बताया कि समूह से जुड़ने से पहले परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। बिहान योजना के तहत उन्हें चक्रीय निधि, प्रोत्साहन राशि और आजीविका गतिविधियों के लिए 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश राशि मिली। योजना के माध्यम से बैंकिंग और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी भी प्राप्त हुई तथा मुद्रा ऋण लेने में भी सहयोग मिला।
बिहान के मार्गदर्शन से उन्होंने चटिया मिल और मशरूम उत्पादन का व्यवसाय शुरू किया। इससे वर्ष 2024-25 में लगभग 3 लाख रुपये तथा 2025-26 में अब तक 1 लाख 21 हजार रुपये की आय अर्जित कर अपने व्यवसाय का विस्तार किया है। आज सविता साहू न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं, बल्कि अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

