PTV BHARAT 8 JULY 2026 एमसीबी : इफको नैनो डीएपी से बढ़ा किसान का भरोसा, आधुनिक तकनीक से खरीफ की तैयारी मजबूत – मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र के ग्राम कोटाडोल के किसान शंकर यादव ने इस खरीफ सीजन में इफको नैनो डीएपी का उपयोग कर आधुनिक कृषि तकनीक को अपनाया है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, जनकपुर द्वारा समय पर बीज और उर्वरक उपलब्ध कराए जाने से उन्होंने निर्धारित समय पर खेती की तैयारी शुरू कर दी।
समिति से उन्हें एक बोरी डीएपी (18:46), एक बोतल इफको नैनो डीएपी, दो बोरी नीम लेपित यूरिया और 30 किलोग्राम एमटीयू-1156 प्रमाणित धान बीज उपलब्ध कराया गया। किसान का कहना है कि नैनो डीएपी कम मात्रा में फसल को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराता है, जिससे पोषण दक्षता बढ़ती है और बेहतर उत्पादन की संभावना रहती है।
शंकर यादव ने समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और सहकारी समिति का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि आधुनिक उर्वरकों और नई तकनीकों से खेती आसान होने के साथ किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। यह पहल कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

