PTV BHARAT 8 JULY 2026 जशपुर : अवैध उर्वरक बिक्री पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई – खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए जशपुर जिला प्रशासन ने अवैध उर्वरक विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड बगीचा में बिना लाइसेंस और बिना पीओएस मशीन के उर्वरक बेचने के मामलों में कुल 79 बोरी उर्वरक जब्त कर उनकी बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
निरीक्षण के दौरान ग्राम सुलेसा में एक व्यक्ति द्वारा बिना वैध लाइसेंस के उर्वरक बेचते पाए जाने पर 35 बोरी डीएपी, 10 बोरी सुपर फॉस्फेट और 7 बोरी यूरिया, कुल 52 बोरी उर्वरक जब्त किए गए। वहीं सन्ना स्थित एक कृषि केंद्र में बिना पीओएस मशीन के बिक्री किए जाने पर 27 बोरी डीएपी जब्त कर विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
कृषि विभाग ने बताया कि दोनों मामलों की विस्तृत जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने किसानों से केवल अधिकृत विक्रेताओं से पीओएस मशीन के माध्यम से ही उर्वरक खरीदने और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत कृषि विभाग को देने की अपील की है।

