रायपुर : समय पर खाद, बीज और ऋण से खुशहाल हुई खेती

PTV BHARAT 8 JULY 2026 रायपुर : समय पर खाद, बीज और ऋण से सुकमा के किसानों को मिली राहत – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को समय पर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों का सकारात्मक असर सुकमा जिले में दिखाई दे रहा है। खरीफ सीजन से पहले किसानों को खाद, उन्नत बीज और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराए जाने से खेती की तैयारियां समय पर पूरी हो रही हैं।

छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम कुम्हाररास के किसान सोमारू राम को सहकारी समिति के माध्यम से सब्सिडीयुक्त केसीसी ऋण के साथ उन्नत धान बीज, यूरिया, डीएपी, एनपीके और पोटाश उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि पहले खेती के मौसम में खाद, बीज और पूंजी की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होती थी, लेकिन इस बार सभी कृषि सामग्री समय पर मिलने से बोआई बिना किसी बाधा के शुरू हो सकी।

जिला प्रशासन ने खाद और बीज की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर भी सख्ती बढ़ाई है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण कर किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित कर रही हैं। इससे किसानों का भरोसा बढ़ा है और खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *