रायपुर : कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में अनूठी पहल : मुनगा पौधारोपण से घर-घर पहुंचेगा पोषण का संदेश

PTV BHARAT 8 JULY 2026 रायपुर : मुनगा पौधारोपण अभियान से कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ की ओर नई पहल – कुपोषण और एनीमिया के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग ने बेमेतरा जिले में “मुनगा पौधारोपण विथ सेल्फी अभियान” शुरू किया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के आह्वान पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बेमेतरा जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से गंभीर कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और एनीमिया से प्रभावित महिलाओं के 18 परिवारों में मुनगा (सहजन) के पौधे लगाए गए। परिवारों को पौधों की देखभाल और नियमित उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।

विशेषज्ञों के अनुसार मुनगा आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन-ए और विटामिन-सी जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार, एनीमिया की रोकथाम और बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक है। अभियान के तहत लोगों को इसके पोषण और औषधीय महत्व की जानकारी भी दी गई।

विभाग का कहना है कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य संसाधनों के उपयोग और जनभागीदारी के माध्यम से कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में ऐसे नवाचारों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *