रायपुर : सेवा सेतु से आसानी से बना जाति प्रमाण पत्र, समय और धन दोनों की हुई बचत

PTV BHARAT 13 JULY 2026 रायपुर : सेवा सेतु से आसानी से बना जाति प्रमाण पत्र, समय और धन दोनों की हुई बचत – शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में ‘सेवा सेतु पोर्टल’ प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसका लाभ उठाते हुए कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड के ग्राम खेतरपाल निवासी जगदीश मंडावी ने अपने पुत्र डिकेश्वर मंडावी का जाति प्रमाण पत्र निर्धारित समय-सीमा में आसानी से प्राप्त किया।

जगदीश मंडावी ने बताया कि पुत्र डिकेश्वर मंडावी के शैक्षणिक प्रवेश, छात्रवृत्ति तथा अन्य शासकीय कार्यों के लिए अनुसूचित जनजाति संबंधित जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले ऐसे प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी।

सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने पर जगदीश मंडावी ने नजदीकी सेवा केंद्र के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों के साथ 22 जून 2026 को अपने पुत्र के जाति प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। जाति प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद डिकेश्वर मंडावी को शैक्षणिक प्रवेश, छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में आसानी हुई। ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण परिवार का समय और धन दोनों बचा तथा उन्हें अनावश्यक भागदौड़ का सामना नहीं करना पड़ा।

जगदीश मंडावी ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल ने शासकीय सेवाओं तक पहुंच को पहले की अपेक्षा कहीं अधिक आसान बना दिया है। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने की अपील करते हुए इस जनहितकारी पहल के लिए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *