​रायपुर : महिला सशक्तिकरण की नई इबारत- महतारी वंदन योजना से महकी माहरी उसेंडी की जिंदगी

PTV BHARAT 13 JULY 2026 रायपुर : महिला सशक्तिकरण की नई इबारत, महतारी वंदन योजना से महकी माहरी उसेंडी की जिंदगी – छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए केवल वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान का नया आधार बन रही है। नारायणपुर जिले के ग्राम मसपुर निवासी माहरी उसेंडी की जिंदगी में भी इस योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। कभी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने वाली माहरी आज आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

माहरी उसेंडी ने बताया कि पहले सीमित आय के कारण परिवार का खर्च चलाना बेहद कठिन था। राशन, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना बड़ी चुनौती बन गया था। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से अब वे घर की छोटी-मोटी जरूरतें, बच्चों की कॉपी-किताबें और राशन जैसी आवश्यकताओं को बिना किसी पर निर्भर हुए पूरा कर पा रही हैं। उनके अनुसार अब उन्हें अपने परिवार के हित में स्वयं निर्णय लेने का आत्मविश्वास मिला है और समाज में उनका सम्मान भी बढ़ा है।

माहरी उसेंडी ने कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके परिवार का आर्थिक बोझ कम करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने इस योजना के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ग्रामीण और जरूरतमंद महिलाओं के लिए एक सच्चा सहारा साबित हो रही है।

आज माहरी पहले से कहीं अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ पूरे परिवार और समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *