PTV BHARAT 14 JULY 2026 जगदलपुर : डबरी निर्माण से बदली किसान की तस्वीर – बस्तर जिले के ग्राम पंचायत खोटलापल में जल संरक्षण की पहल ने किसान सोनधर के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत निर्मित डबरी से अब वर्षा जल का प्रभावी संचयन हो रहा है, जिससे सिंचाई की सुविधा बेहतर हुई है और कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ आय भी बढ़ी है।
सोनधर ने बताया कि पहले बारिश का अधिकांश पानी बह जाता था और गर्मियों में सिंचाई के लिए पानी की कमी रहती थी। डबरी बनने के बाद अब खेतों को समय पर पानी मिल रहा है, जिससे अतिरिक्त फसल लेना संभव हुआ है। इसके साथ ही पशुपालन और बाड़ी विकास जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
डबरी अब केवल सिंचाई का साधन नहीं रही, बल्कि अतिरिक्त आजीविका का स्रोत भी बन गई है। इसमें मछली पालन किया जा रहा है, जिससे हर वर्ष अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। किसान ने भविष्य में बतख पालन शुरू करने की भी योजना बनाई है।
डबरी निर्माण के दौरान ग्राम पंचायत के जॉब कार्डधारी ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला, जिससे पलायन रोकने में भी मदद मिली। इस जल संरक्षण परियोजना का सकारात्मक प्रभाव आसपास के क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। भूजल स्तर में सुधार होने से कुओं और हैंडपंपों में पानी की उपलब्धता बढ़ी है तथा खेतों की मिट्टी में नमी बनी रहने से खेती को भी लाभ मिल रहा है।
यह पहल दर्शाती है कि प्रभावी जल संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में खेती, आजीविका और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ मजबूत किया जा सकता है।

