PTV BHARAT 14 JULY 2026 दंतेवाड़ा : प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत जैविक दंतेवाड़ा के किसानों को बड़ा सुरक्षा कवच – प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत दंतेवाड़ा जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए मजबूत आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बन रही है। खरीफ 2025 सीजन में जिले के 7,000 से अधिक किसानों को 14 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की बीमा दावा राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत मिली।
अब खरीफ 2026 सीजन के लिए फसल बीमा पंजीयन अभियान तेज कर दिया गया है। कृषि विभाग ने किसानों से 31 जुलाई 2026 तक अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील की है। मौसम विभाग द्वारा अल नीनो के आंशिक प्रभाव और अनियमित मानसून की संभावना को देखते हुए समय पर बीमा कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस वर्ष जिले में 11 प्रमुख खरीफ फसलों को बीमा योजना में शामिल किया गया है। इनमें धान, मक्का, सोयाबीन, अरहर, मूंगफली, मूंग, उड़द तथा पारंपरिक मिलेट फसलें कोदो, कुटकी और रागी शामिल हैं। योजना के तहत सूखा, बाढ़, जलभराव, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली, कीट एवं रोगों से होने वाले नुकसान के साथ-साथ कटाई के बाद 14 दिनों तक की क्षति भी कवर की जाती है।
कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि प्राकृतिक आपदा से फसल प्रभावित होने पर 72 घंटे के भीतर सूचना देना अनिवार्य है। किसान टोल-फ्री हेल्पलाइन 14447, कृषि विभाग, बैंक या बीमा कंपनी के माध्यम से दावा प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, जैविक एवं आदिवासी बहुल दंतेवाड़ा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों की आय को सुरक्षित रखने और कृषि को अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

