रायपुर : बलौदाबाजार वनमण्डल में ‘युवान’ कार्यक्रम के साथ मनाया गया वन महोत्सव

PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : बलौदाबाजार वनमण्डल में ‘युवान’ कार्यक्रम के साथ मनाया गया वन महोत्सव – वन विभाग द्वारा नई पीढ़ी को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से बलौदाबाजार वनमण्डल में ‘युवान’ कार्यक्रम के तहत वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वन भ्रमण, पौधारोपण, सीड बॉल रोपण और प्रकृति शिक्षा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

देवपुर, सोनाखान, बारनवापारा और बल्दाकछार वन परिक्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्हें वनों, वन्यजीवों, जल एवं मृदा संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

वन महोत्सव के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान भी चलाया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन प्रबंधन समितियों और ग्रामीणों ने मिलकर पौधारोपण किया। चांदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 43 छायादार पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आम, कोसम, चार और बहेड़ा जैसी स्थानीय प्रजातियों के सीड बॉल तैयार करने और उनका रोपण करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण, जैव विविधता, औषधीय पौधों और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में शिक्षक, वन प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी, महिला समूह, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए। वन विभाग का उद्देश्य युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण का सक्रिय भागीदार बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *