PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : डबरी निर्माण से बदली किसान सोनधर की तस्वीर – विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत खोटलापाल में निर्मित डबरी ने किसान सोनधर के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। जल संरक्षण की इस पहल से सिंचाई की सुविधा बढ़ी है और आजीविका के नए अवसर भी खुले हैं।
सोनधर ने बताया कि पहले वर्षा का अधिकांश पानी बह जाता था, जिससे गर्मियों में सिंचाई के लिए पानी का संकट रहता था। डबरी बनने के बाद अब वर्षा जल का प्रभावी संचयन हो रहा है, जिससे खेतों को समय पर पानी मिल रहा है और अतिरिक्त फसल लेने का अवसर भी मिला है। साथ ही पशुपालन और बाड़ी विकास जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
डबरी अब केवल सिंचाई का साधन नहीं रही, बल्कि मछली पालन के माध्यम से अतिरिक्त आय का स्रोत भी बन गई है। किसान ने भविष्य में बतख पालन शुरू करने की भी योजना बनाई है, जिससे आय में और वृद्धि की संभावना है।
डबरी निर्माण से आसपास के क्षेत्र में भूजल स्तर में सुधार हुआ है। कुओं और हैंडपंपों में पानी की उपलब्धता बढ़ी है तथा खेतों की मिट्टी में नमी बनी रहने से अन्य किसानों को भी लाभ मिल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार भी मिला, जिससे पलायन में कमी आई।
यह पहल जल संरक्षण, ग्रामीण रोजगार और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में एक सफल उदाहरण बनकर उभरी है।

