PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : मिशन वात्सल्य के तहत बच्चों को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जा रहा जागरूक – प्रदेश में बच्चों के सुरक्षित, सम्मानजनक और अधिकार-संपन्न बचपन के निर्माण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन वात्सल्य के अंतर्गत विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं और किशोर-किशोरियों को बाल संरक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रमों में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर और पुलिस विभाग के अधिकारी विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, गुड टच और बैड टच की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत करा रहे हैं।
इसके साथ ही बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, बाल विवाह और बाल श्रम की रोकथाम, भिक्षावृत्ति उन्मूलन तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी भी दी जा रही है। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी असुरक्षित स्थिति में अपने माता-पिता, शिक्षकों, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों ने संवाद के माध्यम से बच्चों को सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों और बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण में उनके बेहतर भविष्य का निर्माण सुनिश्चित करना है।

