PTV BHARAT 1 AUGUST 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : वैज्ञानिक खेती अपनाकर करेला उत्पादन में किसान बजरंग बने प्रेरणा स्रोत – गौरेला विकासखंड के ग्राम कोटरियाडांड के प्रगतिशील किसान श्री बजरंग (छंगू) ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में एक एकड़ क्षेत्र में करेला की वैज्ञानिक खेती कर बेहतर उत्पादन और आय अर्जित करते हुए क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
पहले श्री बजरंग पारंपरिक खेती करते थे, जिससे उत्पादन और आय सीमित थी। उद्यानिकी विभाग ने उन्हें वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीकों और फसल प्रबंधन का प्रशिक्षण एवं नियमित तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके बाद उन्होंने मल्चिंग, ट्रेलिस (सहारा) प्रणाली, संतुलित पोषण प्रबंधन, समय पर सिंचाई तथा समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन (आईपीएम) जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाया।
इन तकनीकों के उपयोग से करेला की फसल का बेहतर विकास हुआ, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त हुआ और बाजार में अच्छी कीमत मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। आज करेला की खेती उनके लिए एक लाभकारी व्यवसाय बन चुकी है।
श्री बजरंग की सफलता से ग्राम कोटरियाडांड सहित आसपास के क्षेत्रों के किसान भी उद्यानिकी विभाग की योजनाओं और वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
उद्यानिकी विभाग का कहना है कि आधुनिक तकनीकों, विभागीय मार्गदर्शन और किसानों की मेहनत के समन्वय से सीमित भूमि पर भी अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त की जा सकती है। विभाग ने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

