PTV BHARAT 1 AUGUST 2026 अम्बिकापुर : राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन से किसानों को मिल रहा संबल – किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और मोटे अनाजों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (मोटा अनाज) के तहत विभिन्न योजनाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड बतौली के ग्राम गहिला निवासी किसान नेतराम को मक्का प्रदर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत 15 किलोग्राम उन्नत किस्म का मक्का बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
नेतराम के पास लगभग 2.60 हेक्टेयर कृषि भूमि है और खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। उन्होंने बताया कि उन्नत बीज मिलने से अच्छी गुणवत्ता की फसल लेने में सहायता मिलेगी और बीज खरीदने का अतिरिक्त खर्च भी बचा है, जिससे खेती की लागत में कमी आई है।
कृषि विभाग ने बीज वितरण के साथ किसानों को मक्का की उन्नत खेती, बुवाई की वैज्ञानिक विधि, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा फसल प्रबंधन की जानकारी भी प्रदान की। इससे नेतराम को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की प्रेरणा मिली है और बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ी है।
नेतराम का कहना है कि यदि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और तकनीकी मार्गदर्शन मिलता रहे, तो कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार तथा कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी किसान हितैषी योजनाएं खेती को अधिक लाभकारी बनाने और मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही उन्होंने अन्य किसानों से भी शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक और वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने की अपील की।

