महासमुंद : सांसद रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर जिला स्तरीय राज्योत्सव का किया शुभारंभ

PTV BHARAT 3 NOVEMBER 2026 – महासमुंद : सांसद रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर जिला स्तरीय राज्योत्सव का किया शुभारंभ

छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर महासमुंद जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, भारत स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राज्य निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय : सांसद

मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में अविस्मरणीय योगदान रहा है। उनके दूरदर्शी निर्णय से प्रदेश को पृथक राज्य के रूप में पहचान मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। सड़क, आवास, स्कूल, पंचायत और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सांसद ने राज्योत्सव के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की और नागरिकों से शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर विकास में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने सिरपुर को यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने पर जिलेवासियों को बधाई भी दी।

किसानों, महिलाओं और युवाओं के विकास पर जोर : विधायक

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को राज्य निर्माण का श्रेय देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार उनकी परिकल्पना के अनुरूप प्रदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने समर्थन मूल्य पर 21 क्विंटल धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जाने को महत्वपूर्ण पहल बताया। विधायक ने कहा कि प्रदेश की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब किसान, युवा, महिलाएं और समाज के सभी वर्ग विकास प्रक्रिया में योगदान दें। उन्होंने अंचल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी।

जनकल्याणकारी योजनाओं और कृषि विकास की जानकारी

छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। किसानों को आर्थिक संबल देने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के साथ युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता और किसानों को लाभ पहुंचाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान ने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने विकास कार्यों को गति देने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

महासमुंद जिले की विकास उपलब्धियों की दी जानकारी

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले की विकास उपलब्धियों और निर्माण कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सिरपुर को यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल किया जाना महासमुंद जिले के लिए गौरव की उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत जिले की लगभग 3 लाख 8 हजार महिलाओं को लाभ मिल रहा है। लखपति दीदी अभियान के निर्धारित लक्ष्य 22,546 के मुकाबले 32,799 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले में 1,17,866 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से 5,400 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।

‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों से लगभग 31 करोड़ लीटर वर्षाजल संचयन की क्षमता विकसित की गई है। जिले में 204 करोड़ रुपए से अधिक लागत के छह सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है, जबकि महासमुंद मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण अंतिम चरण में है।

नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 6.50 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक बस स्टैंड और 3 करोड़ रुपए की लागत से नए नगरपालिका भवन के निर्माण की योजना भी है।

16 विभागों की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण

राज्योत्सव में 16 विभागों ने अपनी उपलब्धियों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए आकर्षक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए। इनमें कृषि, उद्यानिकी, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन विभाग और जनसंपर्क सहित अन्य विभाग शामिल रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *