PTV BHARAT 1 AUGUST 2026 एमसीबी : मिशन 100 की शपथ से गूंजा चिरमिरी, 20 बेटियों को साइकिल और 50 पौधों से सजा शिक्षा का उत्सव – स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय, गोदरीपारा (चिरमिरी) में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव, निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की।
कार्यक्रम में कक्षा पहली के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, माल्यार्पण और मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया गया। मंत्री ने बच्चों को पाठ्यपुस्तकें और परिचय पत्र भी वितरित किए।
‘मिशन 100’ के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम का संकल्प दिलाया गया। मंत्री श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत से पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 20 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। इस योजना का उद्देश्य छात्राओं की विद्यालय तक पहुंच आसान बनाना और उन्हें शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में 50 पौधों का पौधरोपण किया गया। मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर महापौर रामनरेश राय, जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव, प्राचार्य बलविंदर सिंह, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
शाला प्रवेश उत्सव, साइकिल वितरण और पौधरोपण कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, बालिका सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ जन-जन तक पहुंचाया गया।

